कार ने सड़क पर खड़ी बाइक को घसीटा:चालक सुरक्षित, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कार की तलाश में जुटी


ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। कार मोटरसाइकिल को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में मोटरसाइकिल चालक को कोई चोट नहीं आई। घटना का वीडियो वहां खड़े लोगों ने बनाया, जो अब सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक कार बाइक को अपने साथ घसीट रही है। बिसरख थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि उन्हें एक कार द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारने की जानकारी मिली थी। मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बाइक के पास खड़ा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल के अगले पहिये में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल कार के साथ काफी दूरी तक घिसटती चली गई। इस दौरान बाइक को काफी नुकसान पहुंचा। चालक मोटरसाइकिल पर सवार नहीं था, जिससे वह किसी गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *