कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग महिला की मौत:बेटा और नाती गंभीर घायल, जन्माष्टमी मनाने के लिए घर लौट रही थीं


हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में भैनगांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में जन्माष्टमी का त्योहार मनाने घर आ रही बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उनके बेटे और नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। वृद्धा को मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार रात 11:06 पर मृत घोषित किया गया। बेनीगंज के रायपुर गांव की रहने वाली 70 साल की राजरानी सोमवार को अपने 40 साल के बेटे बालक के साथ सीतापुर के नैमिषारण्य स्थित बीबीपुर गांव गई थीं। गुरुवार देर शाम वो जन्माष्टमी का त्योहार मनाने के लिए अपने गांव रायपुर लौट रही थीं। रामनरेश का 25 साल का बेटा अरुण (नाती) बाइक से राजरानी और बालक को उनके गांव छोड़ने जा रहा था। राजरानी की बेटी सुमन ने बताया कि भैनगांव के पास सामने से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आ रही थी। कार को देखकर बाइक चला रहे अरुण ने सावधानी से बाइक किनारे रोक ली। इसके बावजूद बेकाबू कार चालक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एंबुलेंस से तीनों को सीएचसी कोथावां पहुंचाया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बृहस्पतिवार देर रात 11 बजकर 6 मिनट पर डॉक्टरों ने राजरानी को मृत घोषित कर दिया। बालक और अरुण के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शुक्रवार दोपहर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से परिवार में दुख का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *