![]()
कानपुर जीआरपी ने एक छात्र का चोरी हुआ लैपटॉप बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार शाम चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। उसके पास से चोरी का लैपटॉप और चार्जर बरामद हुआ है। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। फतेहपुर के हुसैनगंज निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि 8 मार्च को वह उरई जाने के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर झांसी इंटरसिटी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनका पिट्ठू बैग चोरी हो गया। बैग में एचपी का लैपटॉप (जो उन्हें यूपी सरकार से पढ़ाई के लिए मिला था), चार्जर, कपड़े और जरूरी दस्तावेज रखे थे। उन्होंने इस संबंध में जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई थी। टीम ने स्टेशन परिसर और आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी की पहचान हो सकी। सोमवार शाम चेकिंग के दौरान आरोपी पिंटू (45) पार्सल साइड से कूड़ाघर की ओर जा रहा था। जीआरपी टीम ने उसे संदिग्ध हालत में देखकर रोका तो वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब एक लाख रुपये कीमत का एचपी का लैपटॉप और उसका चार्जर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पिंटू निवासी भागलपुर, बिहार बताया। जीआरपी ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी पिंटू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Source link
कानपुर सेंट्रल से चोरी छात्र का लैपटॉप बरामद:जीआरपी ने आरोपी को पकड़ा, भेजा जेल