![]()
घाटमपुर के मुगुलपुर गांव में शनिवार रात एक पांच वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों की सूझबूझ और डॉक्टरों की तत्परता से बच्चे की जान बच गई। परिजन सांप की फोटो मोबाइल में खींचकर अस्पताल पहुंचे, जिससे डॉक्टरों को सांप की पहचान कर तुरंत सही उपचार शुरू करने में मदद मिली। घाटमपुर क्षेत्र के मुगुलपुर गांव निवासी सौरभ सचान का पांच वर्षीय पुत्र सात्विक सचान शनिवार रात घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया। बच्चे की चीख सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घबराने के बजाय उन्होंने पहले सांप की मोबाइल से फोटो खींच ली और फिर बिना किसी देरी के मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने डॉक्टरों को मोबाइल में मौजूद सांप की फोटो दिखाई। फोटो के आधार पर सांप की पहचान करने में आसानी हुई, जिससे डॉक्टरों ने तुरंत एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन देकर उपचार शुरू कर दिया। समय पर इलाज मिलने से बच्चे की हालत में तेजी से सुधार हुआ और अब वह खतरे से बाहर है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने भी परिजनों की सूझबूझ की सराहना की और कहा कि ऐसी स्थिति में समय पर अस्पताल पहुंचना सबसे जरूरी होता है। घाटमपुर चिकित्साधीक्षक डॉ. पवन सचान ने बताया कि लगातार बारिश और मौसम में बदलाव के कारण सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे समय में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर जाना चाहिए। सात्विक को समय पर अस्पताल लाया गया, इसलिए तत्काल एंटी स्नेक वेनम देकर उसकी जान बचाई जा सकी।
Source link
कानपुर में 5 वर्षीय मासूम को सांप ने डसा:घाटमपुर में परिजनों ने सांप की फोटो डॉक्टर को दिखाई, समय पर इलाज मिलने से बची जान