![]()
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कानपुर में तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा कानपुर उत्तर ने शुक्रवार शाम 6.30 बजे कलश यात्रा को जिले के हर मंडल और बूथ तक पहुंचाने की रणनीति बनाई, वहीं भाजपा कानपुर दक्षिण ने शाम 6.30 काशी से आई पावन रज यात्रा का भव्य स्वागत किया। भाजपा कानपुर उत्तर के जिला कार्यालय, नवीन मार्केट में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर एक-एक यात्रा प्रमुख नियुक्त किया जाएगा। इनकी जिम्मेदारी यात्रा के स्वागत, आयोजन और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की होगी। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा का संदेश दिया, जो आज भी समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कल्याणपुर, गोविंद नगर, सीसामऊ और आर्य नगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए दो-दो पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कलश यात्रा के संचालन और समन्वय का कार्य करेंगे। बीजेपी कानपुर दक्षिण ने किया यात्रा का स्वागत भाजपा कानपुर दक्षिण ने संत रविदास जी के जन्मस्थल काशी से आई पावन रज यात्रा का स्वागत किया। जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि यह यात्रा जिले के सभी 13 मंडलों में जाएगी और इसके माध्यम से संत रविदास जी के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा के संदेश का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
कानपुर में रविदास जयंती की तैयारी:BJP उत्तर ने कलश यात्रा निकालने के लिए की बैठक, दक्षिण जिलाध्यक्ष ने रज यात्रा का किया स्वागत