कानपुर में निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त:सफाई से लेकर सड़क निर्माण तक बदहाल मिला सिस्टम, अफसरों को लगाई फटकार


कानपुर की सफाई व्यवस्था, जलभराव और निर्माणाधीन सीएम ग्रिड रोड का नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के कई जगहों पर गंदगी के ढेर, जलभराव और निर्माण कार्य अधूरा मिला। मोतीझील मेट्रो स्टेशन से लेकर बेनाझाबर रोड, बकरमंडी, चुन्नीगंज, लाल इमली, परेड, बड़ा चौराहा, फूलबाग, जाजमऊ, रामादेवी, यशोदानगर, किदवईनगर, गोविंदनगर, फजलगंज, मरियमपुर, लाजपत नगर और एलएलआर अस्पताल समेत कई क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान उन्हें जगह-जगह गंदगी, जलभराव, कूड़ा और निर्माण कार्यों में सुस्ती मिली। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए और लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई। लाल इमली-परेड मार्ग पर गंदगी,सफाई के निर्देश निरीक्षण के दौरान लाल इमली से परेड चौराहे के बीच कई स्थानों पर गंदगी मिली। नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारी-4 को सफाई कराने को कहा। इसके बाद बड़ा चौराहे के पास जलभराव हटाने को कहा। फूलबाग एलआईसी चौराहे के पास गंदगी देख नगर आयुक्त ने सफाई कराने के निर्देश दिए। सीएम ग्रिड रोड का काम धीमा नगर आयुक्त ने लाल बंगला से वीआईपी रोड और जेके चौराहे से पैसिफिक लॉन तक सीएम ग्रिड रोड का भी निरीक्षण किया। बारिश के कारण हुए गड्ढों की स्थिति भी देखी। कई जगह जीएसबी से कच्ची पैचिंग कर सड़क को मोटरेबल किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि यूटिलिटी डालने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन वीआईपी रोड से करीब 300 मीटर हिस्से में टेनरी लाइन का कनेक्शन न होने से यूटिलिटी और सड़क निर्माण का काम अटका हुआ है। नगर आयुक्त ने इस समस्या के समाधान के लिए जल निगम, जलकल और नगर निगम की अभियंत्रण टीम की बैठक बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने केडीए चौराहे को भी भव्य बनाने को कहा। ग्रीन बेल्ट में कूड़ा डालते कर्मचारी को पकड़ा जेके चौराहे से नई चुंगी के बीच ओवरब्रिज के नीचे ग्रीन बेल्ट में एक सफाई कर्मचारी कूड़ा डालते मिला। अधिकारियों ने बताया कि वार्ड का कूड़ा यहां अस्थायी रूप से डाला जा रहा है और यहीं से उठाया जाता है। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ग्रीन बेल्ट के अंदर किसी भी स्थिति में कूड़ा नहीं डाला जाएगा। जाजमऊ से लाल बंगला तक ओवरब्रिज के नीचे ग्रीन बेल्ट में सफाई अभियान चलाने को भी कहा। 70-80 साल पुराने डाट नाले के बैठने से बना गड्ढा नई चुंगी चौराहे पर हुए बड़े गड्ढे का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि करीब 70 से 80 साल पुराने ब्रिक वर्क से बने डॉट नाले के बैठ जाने के कारण सड़क पर गड्ढा हुआ है। इसे ठीक कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद जल निगम की टीम ने मौके पर काम शुरू कर दिया। रामादेवी-यशोदानगर मार्ग पर सीएंडडी वेस्ट का ढेर रामादेवी चौराहे से यशोदानगर बाईपास के बीच कई जगह बड़ी मात्रा में सीएंडडी वेस्ट पड़ी मिली। नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर मलबा उठाने और संबंधित लोगों से यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए। दीप सिनेमा-सोटे बाबा मार्ग पर काम की रफ्तार पर नाराजगी जोन-3 में दीप सिनेमा तिराहे से सोटे बाबा मंदिर वाया एच-ब्लॉक मार्ग के चौड़ीकरण के सीएम ग्रिड कार्य का भी निरीक्षण हुआ। यह काम 25 सितंबर तक पूरा किया जाना है, लेकिन मौके पर काम की गति बेहद धीमी मिली। यूटिलिटी का काम भी अधूरा पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार 3600 मीटर सीवर लाइन में 902.5 मीटर, वाटर लाइन में 995 मीटर, गैस लाइन में 957 मीटर, इलेक्ट्रिक डक्ट समेत एचडीपीई पाइप में 740 मीटर और स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज में 190 मीटर काम अभी बाकी है। 1800 मीटर डिवाइडर में 1280 मीटर और 3600 मीटर फुटपाथ में 1342 मीटर काम भी बचा है।
खास बात यह है कि 3600 मीटर का पूरा रोड वर्क अभी बाकी बताया गया। नगर आयुक्त ने चेतावनी देते हुए 15 सितंबर तक यूटिलिटी का काम पूरा करने और सितंबर में ही पूरा प्रोजेक्ट खत्म करने को कहा। फजलगंज में आवारा पशुओं पर चलेगा अभियान फजलगंज चौराहे के आसपास बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते मिले। नगर आयुक्त ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ने और काजी हाउस में निरुद्ध करने के निर्देश दिए। देवकी चौराहे पर मिला जलभराव देवकी चौराहे पर जलभराव की समस्या का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर नगर निगम, जलकल और मेट्रो के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि देवकी चौराहे से रावतपुर की ओर करीब 100 मीटर नाले की सफाई न होने के कारण पानी का बहाव रूका हुआ है। नगर आयुक्त ने कहा कि मेट्रो इस 100 मीटर हिस्से की सफाई नगर निगम और जलकल की टीम की निगरानी में कराएगी। इसके आगे नाले की सफाई नगर निगम की जिम्मेदारी होगी। नीरक्षीर चौराहे पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी नगर निगम और मेट्रो की संयुक्त टीम को निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। देवकी चौराहे पर सफाई में लापरवाही पर चेतावनी देवकी चौराहे के फुटपाथ के किनारे गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने जोनल स्वच्छता अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। वहीं भविष्य निधि कार्यालय से अपर श्रमायुक्त कार्यालय तक नाली पूरी तरह भरी मिली। अधिकारियों ने इसकी वजह मेट्रो द्वारा नाले की सफाई न कराया जाना बताया। नगर आयुक्त ने टीम लगाकर नाली साफ कराने को कहा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *