हापुड़ में पिकअप की टक्कर से महिला की मौत:गुस्साई भीड़ ने हंगामा किया, पुलिस ने स्थिति संभाली


हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बुलंदशहर रोड स्थित पुरानी चुंगी कोटला मेवतियान मोहल्ले में सब्जी खरीदने निकली महिला को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, कोटला मेवतियान निवासी मुन्नी देवी (46) पत्नी रोहताश शनिवार शाम लगभग 6 बजे सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं। बुलंदशहर रोड पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्नी देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल मुन्नी देवी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। मुन्नी देवी की मौत की खबर मिलते ही मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने सड़क पर हंगामा करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *