![]()
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में रविवार शाम दबंगों पर एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने सात माह की गर्भवती महिला के साथ भी बेरहमी से मारपीट की और उसके पेट में कई लातें मारीं। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार का आरोप है कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। वहीं पुलिस पर भी शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि थाना प्रभारी ने थाने के अंदर मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। घर में घुसकर परिवार पर हमला करने का आरोप घायल निर्मला गौतम ने बताया कि करीब एक महीने पहले उनके बेटे वंश दिवाकर का प्रेम प्रसंग को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन रंजिश खत्म नहीं हुई। उनका आरोप है कि रविवार शाम करीब 7 बजे आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर उनके पति राकेश, बेटे वंश और परिवार के अन्य सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। गर्भवती महिला के पेट में मारी लात परिवार के मुताबिक, मारपीट का विरोध करने पहुंची सात माह की गर्भवती शालू गौतम को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने शालू के बाल पकड़कर घसीटा और घर के बाहर गिराकर उसके पेट में कई लातें मारीं। गंभीर हालत में उसे कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप घायल वंश दिवाकर का आरोप है कि वह शिकायत लेकर हंसपुरम चौकी पहुंचा तो वहां मौजूद एक दरोगा ने उसकी बात सुनने के बजाय उसके साथ मारपीट की और आरोपियों से माफी मांगने का दबाव बनाया। परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और उन्हें खुद मेडिकल कराने के लिए कहा। थाना प्रभारी ने आरोपों से किया इनकार नौबस्ता थाना प्रभारी वीर बहादुर ने कहा- थाने के अंदर मारपीट की बात सही नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कानपुर में गर्भवती पर हमला, पेट में मारी लात:घर में घुसकर परिवार को पीटने का आरोप, महिला हैलट रेफर