![]()
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक कपड़ा कारोबारी के मकान में भीषण आग लग गई। सतबरी रोड स्थित यादव चौराहे पर हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। कपड़ा कारोबारी हिमांशु यादव के अनुसार, आग पहली मंजिल के कमरे में बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से भड़की। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बाहर निकालकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही जाजमऊ फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में मकान के अंदर रखा घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि मिनी कंट्रोल रूम के माध्यम से सतबरी स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। दो दमकल वाहनों के साथ टीम 45 मिनट में आग पर काबू पाने में सफल रही। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है। फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि, हिमांशु यादव के घर के नीचे और अगल बगल में बनी आधा दर्जन दुकान रात होने के चलते बंद थी। और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। देरी होने पर आग और विकराल हो सकती थी। इससे नीचे बनी दुकानें और अगल बगल के मकान चपेट में आ सकते थे। हालांकि उनकी टीम की सूझबूझ से 45 मिनट में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और नुक़सान का आकलन नहीं हो सका है।
Source link
कानपुर में कपड़ा कारोबारी के घर भीषण आग:शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें, लाखों का सामान जला