![]()
कानपुर देहात के गुरुवार रात हुई तेज बारिश ने जिले में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अकबरपुर, रनियां और पुखरायां सहित कई नगर निकायों में भारी जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई, जबकि कई सरकारी परिसरों तक में पानी भर गया। पहली ही तेज बारिश में जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलने से नगर निकायों की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार रात करीब 8 बजे रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो 9 बजे के बाद तेज हो गई। कुछ ही घंटों की मूसलाधार बारिश से अकबरपुर नगर पंचायत, रनियां नगर पंचायत और पुखरायां नगर पालिका के कई मोहल्लों की सड़कें पानी में डूब गईं। जलभराव के चलते पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक चिंता की बात यह रही कि जिला मुख्यालय स्थित अकबरपुर नगर पंचायत भी जलभराव से अछूती नहीं रही। यहीं जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारियों के कार्यालय और सरकारी आवास स्थित हैं। इसके बावजूद हल्की से मध्यम अवधि की तेज बारिश में ही नगर पंचायत क्षेत्र की सड़कों पर पानी भर गया। रनियां नगर पंचायत में भी हालात खराब रहे। यहां नगर पंचायत कार्यालय परिसर और रनियां थाना परिसर तक में पानी भर गया। वहीं, पुखरायां नगर पालिका के प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव होने से स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के मौसम से पहले नगर निकायों और संबंधित विभागों ने नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और जलभराव रोकने के दावे किए थे। लेकिन पहली तेज बारिश ने ही इन दावों की वास्तविकता उजागर कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जिला मुख्यालय और सरकारी कार्यालयों के आसपास ही जलभराव की स्थिति है, तो शहर के अन्य इलाकों की हालत का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और जल निकासी व्यवस्था में सुधार पर टिकी हैं।
Source link
कानपुर देहात में तेज बारिश से जलभराव:अकबरपुर समेत कई नगरों में थमे पहिए, जनजीवन प्रभावित