कानपुर देहात जिला अस्पताल में बिजली गुल, वार्डों में अंधेरा:गर्मी से मरीज और तीमारदार परेशान, मोबाइल की रोशनी बनी सहारा


कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े जिला अस्पताल में बुधवार रात बिजली गुल हो गई। इससे मरीज और तीमारदार काफी परेशान दिखे। बिजली सप्लाई बंद होने के बाद अस्पताल के वार्डों में अंधेरा छा गया। गर्मी और उमस के कारण मरीजों को बहुत दिक्कत हुई। बिजली न होने की वजह से वार्ड में भर्ती मरीजों के तीमारदार मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर बैठे थे। अंधेरे में मोबाइल की रोशनी ही वार्ड में सहारा बनी रही। लंबे समय तक बिजली न आने से मरीजों के साथ तीमारदार भी गर्मी और उमस से परेशान रहे।
दरअसल, बुधवार शाम करीब 3:30 बजे अकबरपुर इलाके में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। इस दौरान अकबरपुर के पास बिजली के दो खंभे टूट गए। इससे पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिसका असर जिला अस्पताल की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। अस्पताल जैसी जरूरी जगह पर बिजली सप्लाई बंद होने से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई। वार्ड में अंधेरा होने के कारण तीमारदारों को मोबाइल की रोशनी का सहारा लेना पड़ा। वहीं, गर्मी से राहत के लिए मरीज और तीमारदार बिजली आने का इंतजार करते रहे। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तेज हवाओं से बिजली के खंभे टूटने के कारण सप्लाई बंद हुई है। खंभों को ठीक करने का काम चल रहा है। फिलहाल, अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को बिजली बहाल होने का इंतजार है। रात 11 बजे तक बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन नहीं उठाए या काट दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *