कानपुर देहात के धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति वीरता पदक:लखनऊ में तैनात हैं अग्निशमन अधिकारी, बचाई हैं कई जिंदगियां


कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मुतहरापुर गांव निवासी अग्निशमन द्वितीय अधिकारी धर्मपाल सिंह को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। वह वर्तमान में लखनऊ के आलमबाग फायर स्टेशन में तैनात हैं। उन्हें यह सम्मान असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के लिए दिया जाएगा। धर्मपाल सिंह ने आगजनी और विभिन्न आपात परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों और जीव-जंतुओं की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बेहद खतरनाक हालात में भी धैर्य और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया। उनके इसी साहस और समर्पण को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति वीरता पदक के लिए चुना है। धर्मपाल सिंह के पिता दीनानाथ सिंह ने बताया कि बचपन से ही उनमें दूसरों की मदद करने का जज्बा था। संकट की घड़ी में लोगों की सहायता करना उनके स्वभाव का हिस्सा रहा है। यही सेवाभाव उनके पेशेवर जीवन की पहचान बनी। अग्निशमन विभाग में शामिल होने से पहले धर्मपाल सिंह लेखपाल के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वहां भी उन्होंने लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा की भावना से काम किया। फिलहाल धर्मपाल सिंह लखनऊ के आलमबाग फायर स्टेशन में फायर स्टेशन सेकंड ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। राष्ट्रपति वीरता पदक की घोषणा की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार और गांव में लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। कानपुर देहात के एक साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रपति स्तर का वीरता सम्मान हासिल करना धर्मपाल सिंह की कर्तव्यनिष्ठा और साहस को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि न केवल परिवार और जिले के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *