कांवड़ यात्रा मार्गों पर भारी वाहन प्रतिबंधित:श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सोनभद्र में रूट डायवर्जन लागू


सोनभद्र में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया । यह व्यवस्था 12 अगस्त की सुबह आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत के लिए कांवड़ यात्रा वाले मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सावन का दूसरा सोमवार 10 अगस्त को है, जिसके लिए कांवड़ियों के जत्थे घाटों की ओर रवाना होने लगे हैं। सीओ यातायात सुधीर सिंह ने बताया कि सावन के सोमवार को कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सड़क पर भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए प्रत्येक शुक्रवार रात से मंगलवार सुबह आठ बजे तक डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाती है।
डायवर्जन के दौरान विभिन्न मार्गों से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। सोनभद्र से मिर्जापुर की ओर जाने वाले भारी वाहन हिंदुआरी-सुकृत-अहरौरा मार्ग से गुजरेंगे। इसी तरह, चोपन की ओर से मिर्जापुर, भदोही और प्रयागराज जाने वाले भारी वाहन रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर-हिंदुआरी-अहरौरा-टेंगरा मोड़ होकर जाएंगे। रायपुर-पन्नूगंज क्षेत्र से रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और चोपन की ओर आने वाले भारी वाहन बेलखुरी मोड़ से मुड़कर मधुपुर मार्ग का उपयोग करेंगे। घोरावल-शाहगंज मार्ग से रॉबर्ट्सगंज शहर की ओर आने वाले भारी वाहन शाहगंज तिराहा होते हुए राजगढ़ की तरफ भेजे जाएंगे। मारकुंडी की तरफ से कचहरी होते हुए पन्नूगंज जाने वाले भारी वाहनों को रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर से सीधे मधुपुर भेजा जाएगा, जिसके बाद वे नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज मार्ग से होते हुए बेलखुरी तिराहा पहुंचेंगे। राजगढ़ और रॉबर्ट्सगंज की तरफ से ट्रैक्टर से आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को शाहगंज से लगभग चार किलोमीटर आगे ओदार गेट से सीधे शिवद्वार मंदिर की ओर मोड़ा जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *