![]()
एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के ककोड़ा गांव में एक युवक हाइटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद युवक को तत्काल अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ककोड़ा गांव निवासी ओमवीर पुत्र मीलाल एक लाइनमैन के साथ हेल्पर का काम करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह हाइटेंशन लाइन ठीक करने के लिए एक विद्युत पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक बिजली की सप्लाई शुरू हो गई और ओमवीर करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया तथा पोल से नीचे गिर गया।
परिजनों ने पहले उसे एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया, जिसके बाद उसे अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह लगभग 80 प्रतिशत तक जल चुका है। बताया जा रहा है कि जिस विद्युत पोल पर युवक काम कर रहा था, उसमें पहले से ही करंट आ रहा था, जिसके कारण एक गोवंश की भी मौत हो गई थी। इसी लाइन को ठीक करने के लिए विद्युतकर्मी मौके पर पहुंचे थे। विद्युत उपकेंद्र के एसएसओ भगवान दास ने बताया कि यूकेलिप्टस के एक पेड़ में करंट आने की वजह से एक गाय की मौत हुई थी। इसी समस्या को ठीक करने के लिए वे गांव के लोगों के साथ मौके पर गए थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि झुलसा हुआ युवक लाइनमैन नहीं है, बल्कि हेल्पर का काम कर रहा था।
Source link
एटा में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक:चलती लाइन पर काम करते समय झुलसा, हायर सेंटर रेफर