कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम:1500 पुलिसकर्मी तैनात, कछला घाट पर बैरिकेडिंग


श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कछला गंगा घाट समेत प्रमुख मार्गों पर 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घाट पर बैरिकेडिंग के साथ जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर हैं। यात्रा की सुरक्षा के लिए इस बार डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें सिपाही, हेड कांस्टेबल, दारोगा और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी शामिल हैं। पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिसकर्मी 12-12 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कछला गंगा घाट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, क्योंकि यहां हर साल बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने पहुंचते हैं। घाट के डूब क्षेत्र को बैरिकेडिंग से घेरा जाएगा और टीनशेड लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाएं। सुरक्षा के लिए जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात रहेंगी। पूरे घाट क्षेत्र की निगरानी चार वॉच टॉवर से की जाएगी। प्रशासन कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेड़ों की छंटाई, खुले तालाबों की बैरिकेडिंग, बिजली के पोलों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित करने का कार्य भी तेजी से करा रहा है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कछला घाट पर डूब क्षेत्र की विशेष निगरानी की जाएगी। जल पुलिस, एसडीआरएफ और वॉच टॉवर के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *