![]()
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए भदोही जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर ज्ञानपुर के उपजिलाधिकारी अरुण दीक्षित और क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने गोपीगंज कस्बे में कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली शराब और मांस की दुकानों का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज और पुलिस बल के साथ अधिकारियों ने देशी, विदेशी, बीयर और मॉडल शॉप सहित सभी शराब की दुकानों तथा मांस की दुकानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों, अनुज्ञापियों और सेल्समैन को कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के निर्देश दिए गए। दुकानों को पर्दे और तिरपाल से ढकने के निर्देश अधिकारियों ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी मांस और शराब की दुकानों को बाहर से पर्दे या तिरपाल लगाकर पूरी तरह ढका जाए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर मांस का प्रदर्शन या बिक्री नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। तय समय पर ही खुलेंगी शराब की दुकानें निरीक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि सभी मदिरा दुकानें शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ही खुलेंगी और बंद होंगी। निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। दुकानों के आसपास खुले में शराब पीने, भीड़ लगाने या किसी भी तरह का हुड़दंग नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए। गश्त बढ़ाने और साफ-सफाई रखने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक गोपीगंज को कांवड़ मार्ग, संवेदनशील स्थानों और बाजारों में लगातार गश्त व निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों से दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
Source link
कांवड़ मार्ग पर मांस-शराब की दुकानों का निरीक्षण:भदोही प्रशासन ने तिरपाल से ढकने- साफ सफाई के दिए निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी