![]()
हापुड़ में कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कविता मीणा से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकने और इसमें स्कूली छात्राओं को शामिल करने के विरोध में दिया गया। कांग्रेस ने पुतला फूंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की जांच की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। राकेश त्यागी ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने रामनिवास स्मारक कॉलेज की छात्राओं को पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल किया। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि स्कूली बच्चों को राजनीतिक गतिविधियों का हिस्सा बनाना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जिला अध्यक्ष राकेश त्यागी ने संबंधित कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने बच्चों को राजनीतिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल करने को निंदनीय बताया और ऐसे मामलों पर रोक लगाने की बात कही। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इस अवसर पर पूर्व विधायक गजराज सिंह ने भी कहा कि शिक्षण संस्थानों को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए और छात्र-छात्राओं का इस्तेमाल किसी भी राजनीतिक दल को नहीं करना चाहिए। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अनुशासन समिति के चेयरमैन पंडित अरविंद शर्मा, जिला महासचिव गौरव गर्ग, गोपाल भारती सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
Source link
कांग्रेस ने डीएम को सौंपा ज्ञापन:राहुल गांधी का पुतला फूंकने पर जताया आक्रोश, छात्राओं को रैली में शामिल करने को अनुचित बताया