कन्नौज में पत्थर उतारते समय पलटा डंपर:डेढ़ घंटे जाम में फंसी एंबुलेंस और स्कूल बस, चालक सुरक्षित, प्रेशर पाइप की पिन टूटी


कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में फर्रुखाबाद सीमा से सटे रामाश्रम के पास सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सड़क निर्माण के लिए पत्थर उतारते समय एक डंपर अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे में डंपर में भरे पत्थर सड़क पर फैल गए, जिससे कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे ग्वालियर से पत्थर लेकर पहुंचे डंपर चालक नरसिंह ने प्रेशर सिस्टम चालू कर पत्थर उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रेशर पाइप की पिन टूट गई और तेज धमाके के साथ डंपर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। देखते ही देखते सड़क पर पत्थर बिखर गए और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। नदी किनारे सड़क मजबूत करने का चल रहा था काम मौके पर मौजूद पोकलैंड चालक बृजेश कुमार ने बताया कि नदी किनारे सड़क के किनारों को मजबूत करने के लिए बड़े-बड़े पत्थर डाले जा रहे थे। इसी दौरान डंपर पलट गया। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक को कोई चोट नहीं आई। डेढ़ घंटे तक लगा रहा जाम घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से पलटे डंपर और सड़क पर फैले पत्थरों को हटाया गया। इसके बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल कराया गया। बताया गया कि करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा, जिसमें एंबुलेंस, स्कूल बस समेत कई छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा मानकों की मांग हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। उनका कहना है कि भारी निर्माण सामग्री उतारते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *