![]()
कन्नौज में 22 साल पुराने नीरज मिश्रा हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के एक नेता के बयान के बाद मृतक के भाई ने वीडियो जारी कर सपा नेताओं पर हत्या के आरोप दोहराए हैं। यह मामला तब उठा जब 8 जुलाई को सपा नेता और तिर्वा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी अनिल पाल पार्टी नेताओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी अष्ट मोहन अग्निहोत्री को ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए नीरज मिश्रा हत्याकांड का जिक्र किया। अनिल पाल ने कहा कि मुकेश पाल देशबंधु नाम की फेसबुक आईडी से नीरज मिश्रा हत्याकांड की चर्चा की जा रही है, जिसके पीछे भाजपा का हाथ है। उन्होंने घटना को ‘ब्राह्मण बनाम ब्राह्मण’ बताते हुए कहा कि हत्या को अखिलेश यादव से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद सुब्रत पाठक और छिबरामऊ की विधायक अर्चना पांडेय ने उनके नेता के खिलाफ आवेदन देकर सीआईडी जांच करवाई, जिसमें अखिलेश यादव की कोई भूमिका नहीं पाई गई। पाल ने चेतावनी दी कि उनके नेता का नाम लेने वालों को कानूनी जवाब दिया जाएगा। सपा नेता अनिल पाल के इस बयान के बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष और मृतक नीरज मिश्रा के भाई मुनीश मिश्रा ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने नीरज मिश्रा हत्याकांड के लिए सीधे समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। मुनीश मिश्रा ने अनिल पाल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि नीरज मिश्रा की सिर्फ हत्या ही नहीं की गई, बल्कि उनके साथ क्रूरता और निर्ममता भी बरती गई, और यह सब अखिलेश यादव की शह पर हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज मिश्रा वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में कसाबा में भाजपा के बूथ एजेंट थे। नीरज मिश्रा भाजपा के वोट डलवा रहा था, तभी सपा के लोकसभा प्रत्याशी अखिलेश यादव आसपास क्षेत्र में पोलिंग डंप करते हुए जैसे ही कसाबा में घुसे, तो मेरे भाई ने पोलिंग डंप करने से उन्हें रोक दिया। ऐसे में अखिलेश यादव ने तमतमाते हुए अपने पिता व तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को फोन कर बोला था कि मुझे नीरज मिश्रा जिंदा या मुर्दा चाहिए। उन्होंने अपने साथ मौजूद पार्टी नेताओं को भी इसके लिए प्रेरित किया था। जिसके अगले ही दिन नीरज मिश्रा की सिर कटी लाश मिली थी। ये जिला और पूरा प्रदेश इस बात को जानता है कि नीरज मिश्रा की हत्या अखिलेश यादव ने ही कराई थी। भाजपा नेता व नीरज मिश्रा के भाई मुनीश मिश्रा के इस वीडियो के सामने आने के बाद कन्नौज के सियासी गलियारे में एक बजे फिर चर्चाएं होने लग गईं। नीरज मिश्रा हत्याकांड को लेकर 22 वर्ष बाद फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
Source link
कन्नौज में नीरज मिश्रा हत्याकांड पर सियासत शुरू:22 साल पुराने मामले पर फिर छिड़ी जुबानी जंग, सपा नेता के बयान के बाद भाई ने दोहराए आरोप