आस्था की अनोखी मिसाल, साइकिल से निकले सात शिवभक्त श्रद्धालु:20 दिन में 1500 किमी तय कर करेंगे बाबा बर्फानी और माता वैष्णो देवी के दर्शन


मैनपुरी में आस्था और श्रद्धा का एक अनूठा नजारा शुक्रवार शाम देखने को मिला। ग्राम ललूपुर के सात श्रद्धालु साइकिल से अमरनाथ और माता वैष्णो देवी की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। यह यात्रा लगभग 1500 किमी से अधिक की होगी, जिसे वे लगभग 20 दिनों में पूरा करने का अनुमान है। यात्रा शुरू करने से पहले, सभी श्रद्धालु मैनपुरी स्थित शीतला माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, माता को प्रसाद अर्पित किया और यात्रा के सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की। इसके बाद, ग्राम प्रधान और समाजसेवी डॉ. विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को रवाना किया। ग्राम ललूपुर में अमरनाथ यात्रा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। हर वर्ष गांव से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकलते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस बार भी सात श्रद्धालुओं ने साइकिल से यात्रा करने का संकल्प लिया। यात्रा शुरू होने से पहले गांव के लोगों ने सभी श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर और मालाएं पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने सभी की सफल यात्रा की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रा पर निकल रहे युवकों का उत्साहवर्धन किया। जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु पहले करीब 1500 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा करते हुए बेलगांव पहुंचेंगे। वहां से वे बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए आगे बढ़ेंगे। बाबा बर्फानी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दरबार में भी हाजिरी लगाएंगे और फिर वापस अपने गांव लौटेंगे। इस वर्ष यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं में अनोखे लाल, राजीव कुमार, नंदकिशोर, ऋषिकांत, नागेश राजपूत, जयप्रकाश और वीरेश्वर शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सामान्य तौर पर हर वर्ष गांव से एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं, लेकिन इस बार विभिन्न कारणों से केवल सात श्रद्धालु ही यात्रा पर रवाना हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *