कन्नौज में छात्र आंदोलन को BSA ने बताया साजिश:बोले- टॉफी-बिस्किट का लालच देकर बच्चों से कराया विरोध


कन्नौज के कम्पोजिट विद्यालय गुगरापुर में जेन अल्फा छात्रों के प्रदर्शन को बीएसए ने साजिश बता दिया। उन्होंने कहाकि बच्चों ने आंदोलन किया नहीं, बल्कि लालच देकर उनसे आंदोलन कराया गया और ये सब टीचरों के बीच आपसी खुन्नस के कारण हुआ। गुगरापुर ब्लाक क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय गुगरापुर में गुरुवार को स्कूली बच्चों ने हेडमास्टर को घेरकर उनका विरोध किया था। हेडमास्टर को हटवाने की मांग करते हुए बच्चों और उनके पैरेंट्स ने नारेबाजी भी की। हालांकि दोपहर में तहसीलदार सदर अवनीश कुमार के आश्वासन के बाद बच्चे शांत हुए और घर चले गए। इस मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने बीएसए सन्दीप कुमार से बात की तो उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों ने आंदोलन खुद से नहीं किया। बल्कि उन्हें टॉफी और बिस्किट का लालच देकर आंदोलन कराया गया। इसके पीछे उन्होंने विद्यालय के टीचरों के बीच आपसी खुन्नस को कारण बताया है। उन्होंने कहाकि आंदोलन की सूचना मिलने पर जब वह विद्यालय पहुंचे और मामला शांत होने के बाद बच्चों से बात की तो बच्चों ने हकीकत बयां कर दी। जिसके वीडियो भी होने का बीएसए ने दावा किया है। कम्पोजिट विद्यालय के हेड मास्टर राकेन्द्र सक्सेना के खिलाफ स्टाफ के सभी 9 शिक्षक लामबंद हैं। ये सभी शिक्षक अनियमितता और मनमानी के आरोप लगाते हुए 16 जुलाई को बीएसए सन्दीप कुमार से और 28 जुलाई को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री से शिकायत दर्ज करा चुके थे, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिसको लेकर टीचरों में नाराजगी है। इसके अलावा 6 जून को ग्रामीणों ने भी हेड मास्टर के खिलाफ समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *