![]()
औरैया में आगामी 12 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय वृक्षारोपण समिति की यह बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधों का उठान समय पर सुनिश्चित करें। इन पौधों को वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थानों पर उपलब्ध कराया जाए और रोपण के बाद उनकी जियो टैगिंग भी अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि चयनित भूमि की मिट्टी के प्रकार के अनुसार ही वृक्षारोपण किया जाए। रोपित पौधों की सुरक्षा और उनकी उचित देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी को निर्देश दिए कि उनकी पौधशालाओं में मांग के अनुरूप पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, विभागवार चयनित भूमि के निकटवर्ती पौधशालाओं से पौधों का उठान सुनिश्चित कर संबंधित विभागों को इसकी सूचना पहले ही दी जाए। सभी विभागाध्यक्षों को यह भी निर्देश दिए गए कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाए। आमजन को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि यह कार्यक्रम एक जन आंदोलन का रूप ले सके और पर्यावरण संतुलन में योगदान दे सके। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी सी.पी. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप मौर्या सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Source link
औरैया में 12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण कार्यक्रम:जिलाधिकारी ने विभागों को दिए पौधे उठाने और सुरक्षा के निर्देश