औरैया में भाकियू (अराजनैतिक) की किसान पंचायत:सूखे तालाब भरवाने, नालियों की सफाई और लेखपालों पर धन उगाही के खिलाफ आवाज उठाई


भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने सोमवार को ककोर स्थित जिला मुख्यालय पर किसान पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया। किसान नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश तालाब और जलाशय सूख चुके हैं, जिससे पशु-पक्षियों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नहरों और बंबों के माध्यम से सूखे तालाबों को जल्द भरवाया जाए, ताकि जल संकट से राहत मिल सके। पंचायत में आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के नाले-नालियों की समय रहते सफाई कराने की मांग भी उठाई गई। किसानों का कहना था कि सफाई न होने की स्थिति में बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
भाकियू (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह यादव ने बिधूना तहसील के लेखपालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई लेखपाल पैमाइश और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर किसानों से अवैध धन उगाही कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो काश्तकार धन देते हैं, उनका रकबा दूसरे किसानों की भूमि से बढ़ा दिया जाता है, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। किसान पंचायत के बाद जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह यादव और प्रदेश सचिव डॉ. अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी औरैया के प्रतिनिधि को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर जिला प्रवक्ता, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष शिव प्रताप, डॉ. धीरेंद्र सिंह सेंगर, तहसील अध्यक्ष दयाकृष्ण यादव ‘नीटू’, शिव सिंह पाल, मनोज कुमार, रामनरेश, राघवेंद्र सिंह, विवेक दुबे, ज्ञान प्रकाश, शिव सिंह, अनिल कुमार सिंह सेंगर ‘गिन्नी’, करन सिंह शाक्य सहित बड़ी संख्या में किसान नेता और किसान मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *