![]()
सहायल थाना क्षेत्र के करियापुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर तिजोरी का ताला तोड़ दिया। चोर तिजोरी में रखे एक लाख रुपये से अधिक के चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित लाल सिंह ने बताया कि चोरों ने रात करीब 3 बजे वारदात को अंजाम दिया। तिजोरी में चांदी की कमर पेटी, एक जोड़ी पायल, पुत्री की एक जोड़ी पायल, एक चांदी की जंजीर और 7 हजार रुपये नकद रखे थे। परिवार के सदस्य घर के बरामदे में सो रहे थे। सुबह करीब 4 बजे जब वे उठे तो तिजोरी का ताला टूटा हुआ मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। यह सहायल थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हुई तीसरी चोरी की घटना है। इससे पहले 13 जून को पुरंदरपुर गांव में लाखों के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। वहीं, 21 जून को पुरवा हेमा गांव में भी एक लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी पार कर दी गई थी। लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस इन सभी मामलों की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
औरैया में तिजोरी तोड़कर लाखों के जेवरात-नकदी चोरी:एक सप्ताह में तीसरी घटना, पुलिस जांच में जुटी