![]()
राजधानी लख़नऊ में गुमशुदा बच्चों और मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत लखनऊ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को एडीसीपी क्राइम किरन यादव के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने पारा के सिंधीखेड़ा स्थित राजकीय बालिका गृह का निरीक्षण किया और वहां रह रही बच्चियों से बातचीत कर उनकी पहचान तथा पारिवारिक जानकारी जुटाई।
बालिका गृह में रह रही बच्चियों से की बातचीत, परिवारों तक पहुंचने की तैयारी निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने बच्चियों से उनके घर, परिवार और मूल निवास के बारे में जानकारी हासिल की। कई बच्चियों ने अपने परिजनों के पास वापस जाने की इच्छा जताई। पुलिस अब प्राप्त जानकारियों के आधार पर उनके परिवारों से संपर्क स्थापित कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।
2026 में अब तक 22 गुमशुदा बच्चियों की बरामदगी बाकी लखनऊ पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में अभी 22 बच्चियों की तलाश की जानी बाकी है। इसके लिए शहर के विभिन्न बाल आश्रय गृहों में रह रहे बच्चों का मिलान गुमशुदा बच्चों के रिकॉर्ड से किया जा रहा है। एएचटीयू की टीम इस वर्ष अब तक आठ गुमशुदा बच्चों को खोजकर उनके परिवारों से मिला चुकी है।
तलाश अभियान के लिए पांच जोनल टीमें गठित गुमशुदा बच्चों की बरामदगी और मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए एएचटीयू ने पांच जोनल टीमें बनाई हैं। ये टीमें बाल आश्रय गृहों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मलिन बस्तियों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जाकर बच्चों की पहचान और सत्यापन का कार्य करेंगी।
बाल श्रम और मानव तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी के निर्देश पुलिस ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने, होटल-ढाबों और फैक्ट्रियों में बाल श्रम की जांच करने तथा झुग्गी-बस्तियों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बाल संरक्षण से जुड़े विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
क्राइम ब्रांच ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर मानव तस्करी और संगठित अपराध से संबंधित सूचनाओं के लिए लखनऊ क्राइम ब्रांच ने हेल्पलाइन नंबर 7839861034 जारी किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Source link
ऑपरेशन मुस्कान के तहत लखनऊ पुलिस का अभियान तेज:22 गुमशुदा बच्चियों की तलाश में बालिका गृहों का सत्यापन शुरू; एडीसीपी क्राइम किरन यादव ने राजकीय बालिका गृह का किया निरीक्षण