घाटमपुर समाधान दिवस में 16 मामले निपटे, 46 दिव्यांगों को:फरियादी संशोधित खतौनी लेकर लौटे, DM ने 7 दिन में समाधान के निर्देश दिए


शनिवार को घाटमपुर तहसील में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस लगाया गया। इसमें कुल 227 मामले आए, जिनमें से 16 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। दिव्यांगजनों के लिए लगे विशेष शिविर में 69 लोगों की जांच हुई और 46 को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र व यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। तहसील दिवस में भदवारा के दीपनारायण सरकारी कागजों में नाम बदलने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। तहसील प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर उन्हें संशोधित खतौनी की कॉपी दे दी। इसी तरह इर्रा के अरविंद कुमार के नाम में भी बदलाव कर उन्हें मुफ्त खतौनी दी गई। भदरस के रामशंकर ने खतौनी में पिता का नाम सही कराने की मांग की थी। जरूरी कार्रवाई के बाद उन्हें भी संशोधित खतौनी मिल गई। दुरौली के राकेश ने बीमारी के इलाज के लिए पैसे की मदद मांगी। तहसील से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से बीमारी अनुदान के लिए जांच रिपोर्ट जिले को भेज दी गई। पड़री गंगादीन के विकास कुमार सचान के पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र के सत्यापन की जांच रिपोर्ट भी तुरंत कानपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय भेजी गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को सिर्फ संबंधित विभागों को भेजकर खानापूर्ति न करें। हर मामले की जांच कर सात दिन में अच्छी तरह से निपटाया जाए। वे खुद पेंडिंग मामलों की जानकारी देखेंगे। सबसे ज्यादा 98 शिकायतें राजस्व विभाग से मिलीं। पुलिस विभाग से 38, विकास विभाग से 31, नगर पालिका और बिजली विभाग से 10-10, सप्लाई से नौ और जल निगम से छह मामले आए। शिविर में 19 दिव्यांगजनों को आगे की जांच के लिए भेजा गया, जबकि चार आवेदन खारिज हो गए। 90 लोगों का सहायक उपकरण और छह का दिव्यांग पेंशन के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया। इस दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीएम नागरिक सप्लाई राजेश सिंह और एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *