एसीपी को देखते ही बस छोड़ भागे ड्राइवर-कंडक्टर:प्रयागराज में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, चार डग्गामार बसें सीज


प्रयागराज शहर में ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह डग्गामार बसों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। एसीपी ट्रैफिक निकिता श्रीवास्तव के नेतृत्व में मेडिकल चौराहे से सीएमपी कॉलेज तक गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से सवारियां भर रही चार डग्गामार बसों को पकड़कर ट्रैफिक लाइन भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया, जबकि बसों के चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर फरार हो गए। कार्रवाई की तस्वीरें देखिए…
रोडवेज बस अड्डे के सामने भर रही थीं सवारियां
जांच के दौरान पता चला कि ये बसें रोडवेज के अस्थायी बस अड्डे के सामने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी कर विभिन्न रूटों के लिए सवारियां भर रही थीं। इससे सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस पहुंचते ही मच गया हड़कंप
ट्रैफिक पुलिस की टीम लेकर एसीपी ट्रैफिक निकिता दोपहर 12 बजे के करीब जैसे ही मौके पर पहुंचीं, बस संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई से बचने के लिए चालक और कंडक्टर बसें छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने चारों बसों को कब्जे में लेकर ट्रैफिक लाइन भिजवा दिया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
बताया गया कि मेडिकल चौराहे से सीएमपी कॉलेज जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से डग्गामार बसें अवैध रूप से खड़ी कर सवारियां भर रही थीं। इससे ट्रैफिक व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही थी। शुक्रवार सुबह भी इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत मिली, जिसके बाद तत्काल अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
लगातार चलाया जाएगा अभियान
एडीसीपी ट्रैफिक पुष्कर वर्मा ने बताया कि पकड़ी गई चारों बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध रूप से संचालित वाहनों और ट्रैफिक व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *