![]()
एटा में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक प्लॉट में मिला है। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला निधौली कलां थाना क्षेत्र का है। यह घटना निधौली कलां कस्बे के मोहल्ला नेपाली की है। मृतक की पहचान जिशान (25) पुत्र नावेद निवासी मोहल्ला नेपाली के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जिशान अपने तीन दोस्तों के साथ एक भंडारे में शामिल होने गया था। भंडारे से लौटने के बाद उसकी बाइक की चाबी किसी अन्य व्यक्ति ने घर पहुंचाई थी, जिसके बाद से जिशान लापता था। अगले दिन सुबह उसका शव एक प्लॉट में मृत अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के भाई फुरकान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिशान दोस्तों के साथ भंडारे में गया था और वापस लौट आया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सुबह लोगों ने उसे मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निधौली कलां आदित्य खोखर ने बताया कि युवक लंबे समय से नशे का आदी था। उन्होंने कहा कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
Source link
एटा में प्लॉट में मिला युवक का शव:संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, 3 दोस्तों के साथ भंडारे में गया था