![]()
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के विदेशी भाषा विभाग में बीए सेकेंड ईयर के के छात्र कृष्णा शर्मा ने बृहस्पतिवार रात सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित निजी पीजी के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के रहने वाले कृष्णा का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस को तलाशी के दौरान टेबल पर पांच लाइन का सुसाइड नोट भी मिला है। कृष्णा मुजम्मिल मंजिल के पीछे स्थित एक निजी पीजी में साथी छात्र के साथ रहता था। उसका रूममेट रात में बाहर गया था। करीब डेढ़ बजे लौटने पर उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पीजी के अन्य किरायेदारों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे में कृष्णा का शव बेड की चादर से बने फंदे के सहारे पंखे से लटका मिला। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। सुसाइड नोट में लिखा- परिवार मुझे प्यार करता है, फिर भी… कमरे की तलाशी के दौरान कृष्णा की टेबल पर सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपनी मां-पापा समेत परिवार के सभी सदस्यों के प्यार का जिक्र किया। साथ ही लिखा कि वह कुछ नहीं कर पा रहा है। उसने खुद को ‘लूजर’ बताते हुए अपनी मौत को खुद के लिए सही ठहराने की बात लिखी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह तलाश रही है। परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि परिवार से बातचीत के बाद ही घटना के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एएमयू में शोक घटना की जानकारी मिलने के बाद एएमयू छात्रों और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। साथी छात्रों में भी मायूसी का माहौल है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि छात्र ने आत्महत्या की है और मौके से सुसाइड नोट मिला है। मामले में अभी जांच जारी है।
Source link
एएमयू के कश्मीरी छात्र ने की आत्महत्या:खुद को लूजर करार देकर फंदे पर लटका छात्र