![]()
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सोमवार को जोरदार धमाका हुआ। यह विस्फोट कृष्णा घाटी सेक्टर के सतवाल-नकी इलाके में जीरो लाइन के पास हुआ। अधिकारियों को आशंका है कि धमाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, धमाका उस समय हुआ, जब नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी तरफ कुछ लोग एक जगह से दूसरी जगह जा रहे थे। घटना में कुछ लोगों के हताहत होने की खबर है, लेकिन कितने लोगों की मौत हुई या कितने घायल हुए, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। अभी यह भी साफ नहीं है कि वहां मौजूद लोग घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादी थे या पाकिस्तान के सुरक्षा बलों के जवान, जो इलाके में गश्त कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि धमाके के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया है। नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके और किसी भी संभावित सुरक्षा चूक को रोका जा सके। मेंढर सेक्टर में दो बारूदी सुरंगें नष्ट की गईं एक अन्य घटना में, भारतीय सेना ने सोमवार को पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर लगी बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8:25 बजे और 12:10 बजे रास्ता बनाने के काम के दौरान ये सुरंगें मिलीं। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों बारूदी सुरंगों को नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में इसी इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया गया है। बारिश के कारण जमीन से बाहर आ जाती हैं बारूदी सुरंगें
नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ रोकने के लिए कई जगहों पर बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। हालांकि, भारी बारिश के कारण ये सुरंगें अपनी जगह से खिसककर जमीन के ऊपर आ सकती हैं। इससे स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
Source link
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में जोरदार धमाका:कुछ लोगों के हताहत होने की खबर, नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बढ़ाई गई