![]()
उन्नाव में सोमवार शाम से देर रात तक रुक-रुक कर हुई बारिश ने उमस और गर्मी से लोगों को राहत दिलाई। बारिश से धान समेत खरीफ की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। हालांकि, तेज हवा और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। सरोसी-परियर मार्ग पर मैनीखेड़ा गांव के पास एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सदर एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने तत्काल संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर पेड़ हटाने और यातायात जल्द बहाल कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मार्ग को सुचारु करने का कार्य शुरू कराया गया। तेज हवाओं के कारण जिले के कई क्षेत्रों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात तक बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट ठीक करने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। शहर के बिंदा नगर स्थित पुलिस चौकी वाली गली में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से उमा देवी सिंह के मकान की छत का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया। तेज धमाके के साथ गिरी बिजली से घर में लगा इनवर्टर और एक पंखा भी जल गया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आकाशीय बिजली के प्रभाव से पड़ोस में रहने वाले रामभजन और जय नारायण के घरों के इनवर्टर भी खराब हो गए। अचानक हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। इसके अलावा ब्रह्म नगर और अवस्थी फार्म हाउस के आसपास भी आकाशीय बिजली गिरने की सूचना मिली है। हालांकि, इन स्थानों पर किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
Source link
उन्नाव में पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति रही बाधित:आकाशीय बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त, प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील