![]()
उन्नाव में निबंधन विभाग का सर्वर बीते तीन दिनों से सुस्त चल रहा था, जिससे रजिस्ट्री कार्यालयों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ। सर्वर की खराबी के कारण जिलेभर में केवल 28 रजिस्ट्री ही हो सकीं। गुरुवार सुबह सर्वर के ठीक से चलने के बाद बैनामा कराने के लिए आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सर्वर की सुस्ती का सबसे अधिक असर सदर निबंधन कार्यालय में देखा गया। सामान्य दिनों में जहां बड़ी संख्या में बैनामे होते हैं, वहीं पिछले तीन दिनों से ऑनलाइन प्रक्रिया बाधित होने से काम की गति बेहद धीमी रही। कर्मचारियों को भी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। निबंधन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होने के कारण सर्वर धीमा होने या बंद रहने पर दस्तावेजों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाती। इससे आवेदकों को घंटों कार्यालय में इंतजार करना पड़ता है। कई लोग पहले से ही दस्तावेज, स्टांप और अन्य कागजात तैयार कराकर पहुंचते हैं, लेकिन सर्वर समस्या के कारण उनका काम पूरा नहीं हो पाता, जिससे उनका समय और पैसा दोनों प्रभावित होते हैं। गुरुवार को सर्वर ने काम करना शुरू किया तो पिछले दिनों से लंबित आवेदनों के कारण भीड़ बढ़ गई। कार्यालय खुलने के बाद बड़ी संख्या में लोग बैनामा कराने पहुंचे। कर्मचारियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया से रजिस्ट्री का काम शुरू किया, लेकिन सर्वर की गति पूरी तरह सामान्य न होने से अपेक्षित रफ्तार से काम नहीं हो सका। सहायक निबंधन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बीते तीन दिनों से सदर सहित क्षेत्रीय निबंधन कार्यालयों में सर्वर की सुस्ती की समस्या बनी हुई थी। गुरुवार को सर्वर चलने के बाद स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी एक दिन में करीब छह से आठ रजिस्ट्री ही हो पा रही हैं। उन्होंने बताया कि सर्वर की समस्या केवल उन्नाव जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई निबंधन कार्यालयों में भी ऐसी दिक्कत सामने आ रही है। सर्वर की समस्या के कारण कार्यालयों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आवेदकों को अपने काम के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ऑनलाइन व्यवस्था का सर्वर सुचारु रूप से चलता रहे तो रजिस्ट्री की प्रक्रिया समय से पूरी हो सकेगी और उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
Source link
उन्नाव में तीन दिन सर्वर सुस्त, सिर्फ 28 रजिस्ट्री:गुरुवार को चला तो उमड़ी भीड़, कामकाज बुरी तरह प्रभावित रहा