उन्नाव में डंपर से ई-रिक्शा चालक की मौत का मामला:परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम की, चालक पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग


उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में डंपर की टक्कर से एक ई-रिक्शा चालक की मौत के बाद शुक्रवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा आर्थिक सहायता की मांग की। यह घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे देवारा इलाके में हुई। देवारा क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय आकाश पुत्र पुषु अपने ई-रिक्शा पर लकड़ी लादकर सहजनी की ओर जा रहे थे। पिंडोखा-शंकरपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और डंपर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया और स्थिति को शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार शाम पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था। हालांकि, शुक्रवार सुबह परिजनों ने अंतिम संस्कार करने के बजाय शव को देवारा कला मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मृतक आकाश परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने डंपर चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। जाम की सूचना मिलते ही सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्र और गंगाघाट इंस्पेक्टर अजय सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा अन्य थानों की पुलिस फोर्स भी एहतियातन बुलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *