![]()
उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना भिखारीपुर पतसिया और रतई पुरवा गांव के बीच हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गढ़ेवा भिखारीपुर पतसिया गांव निवासी 70 वर्षीय फूलन देवी अपने बेटे अमृतलाल के साथ बाइक से भिखारीपुर पतसिया स्थित स्टेट बैंक गई थीं। वे खेती के काम के लिए बैंक से रुपये निकालने के बाद वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिखारीपुर पतसिया और रतई पुरवा गांव के बीच सामने से आए एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। निजी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ रेफर कर दिया। सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद फूलन देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बेटे अमृतलाल का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के बेटे अमृतलाल ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। फूलन देवी अपने पीछे दो बेटे अमृतलाल और गुरु प्रसाद तथा चार विवाहित बेटियां सुरजावती, बल्लो, जमुना और रामबेटी छोड़ गई हैं। पुलिस अब ट्रैक्टर चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Source link
उन्नाव में ट्रैक्टर की टक्कर से मां की मौत:बाइक पर सवार बेटा गंभीर घायल, खेती के लिए बैंक से रुपये निकालने गए थे