![]()
उन्नाव के गंगाघाट नगर में मंगलवार रात 1501वां जश्ने चिरागा मनाया गया। हजरत मोहम्मद साहब की विलादत के अवसर पर नगर के कई मोहल्लों में आकर्षक रोशनी और सजावट की गई। एशिया की मस्जिदों की तर्ज पर की गई इस सजावट में राजधानी मार्ग सहित प्रमुख रास्तों पर विशाल रोशनीदार गेट बनाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग सजावट देखने के लिए नगर के विभिन्न इलाकों में पहुंचते रहे। गंगाघाट के राजधानी मार्ग स्थित मदनी नगर में अंजुमन गुलामान-ए-रसूल कमेटी ने जश्ने चिरागा के लिए विशाल गेट और आकर्षक विद्युत सजावट की। जामा मस्जिद को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा। मनोहर नगर कमेटी द्वारा राजधानी मार्ग पर बनाया गया विशाल गेट भी लोगों के ध्यान का केंद्र रहा।
नगर में करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर विशाल गेट और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई थी। मदनी नगर, जामा मस्जिद, करीमुल्ला कॉलोनी, मनोहर नगर, रहमत नगर, अहमद नगर, रशीद कॉलोनी, मोहम्मद नगर, गोताखोर, कर्बला, आलम नगर, नबी नगर, अखलाक नगर और शाही नगर सहित दर्जनों मोहल्ले रोशनी से जगमगा उठे।
जश्ने चिरागा के अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को भी रोशनी से सजाया। जगह-जगह कुरानख्वानी और नात का आयोजन हुआ, और देर रात तक इबादत का दौर चलता रहा। इबादत के बाद लोग परिवार के साथ घरों से निकलकर नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचे और रोशनी से सजे गेटों व मार्गों की सजावट का आनंद लिया। उन्नाव और गंगाघाट नगर की इस आकर्षक सजावट को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही दूरदराज से भी लोग पहुंचे, जिससे रातभर लोगों की आवाजाही बनी रही। कई स्थानों पर कमेटियों और स्थानीय लोगों ने आने-जाने वालों के लिए व्यवस्थाएं की थीं। जश्ने चिरागा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।
Source link
उन्नाव में जश्ने चिरागा पर जगमगाए आकर्षक गेट:हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश पर हुई विशेष रोशनी