![]()
सहारनपुर में नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में बुधवार को आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने शहर की बदहाल सड़कों, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नगरायुक्त शिपू गिरि की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई लंबित विकास कार्यों पर चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पदाधिकारियों ने कामधेनु उद्योग नगर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली तीन सड़कों का मुद्दा उठाया। उद्यमियों ने बताया कि सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिलने के बावजूद टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। कामधेनु उद्योग नगर की सड़कें 15वें वित्त आयोग की बैठक में जाएंगी मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरायुक्त ने निर्माण विभाग को महापौर से स्वीकृति प्राप्त कर प्रस्ताव को 15वें वित्त आयोग की बैठक में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। एएस कॉम्प्लेक्स में बिछेगी 1100 मीटर लंबी पेयजल लाइन देहरादून रोड स्थित एएस कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में पेयजल संकट का मुद्दा भी बैठक में उठा। इस पर महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि क्षेत्र का सर्वे पूरा हो चुका है और करीब 1100 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कब्रिस्तान सुरक्षा और जल निकासी की भी उठी मांग उद्यमियों ने अंबाला रोड स्थित दबनीवाला कब्रिस्तान के पास सुरक्षा के लिए तारबाड़ और सूचना बोर्ड लगाने की मांग की। इसके अलावा ग्रीन लैंड कॉम्प्लेक्स में जल निकासी और पथ प्रकाश व्यवस्था की समस्या भी उठाई गई। अधिकारियों ने बताया कि इन मामलों में कार्रवाई प्रक्रिया जारी है। उद्यमियों से बोले नगरायुक्त- ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं नगरायुक्त शिपू गिरि ने उद्यमियों से शहर को हरित बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने पीपल, बरगद, पाकड़ और अमलतास जैसे पौधे लगाने का सुझाव देते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने टैक्स संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए कामधेनु उद्योग नगर सहित दो स्थानों पर विशेष कैंप लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव, मृत्युंजय, जेपी यादव, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता सुरेंद्र प्रसाद मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीन शाह समेत नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।
Source link
उद्योग बंधु बैठक में गूंजी सड़क-पानी की समस्याएं:सहारनपुर नगरायुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कामधेनु उद्योग नगर की सड़कों पर चर्चा