![]()
ऋषिकेश में हरियाणा के युवकों को नंगा कर पीटने के मामले के बाद उत्तराखंड और हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स मिलकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके एक-दूसरे के खिलाफ हेट स्पीच फैला रहे हैं। अलग-अलग जगह से मारपीट के दो वीडियो सामने आए हैं। पहला मसूरी का है, यहां दिल्ली से आए पर्यटकों ने स्थानीय लोगों से मारपीट कर दी, जिसे हरियाणा का बताकर वायरल किया जा रहा है। वहीं दूसरी वीडियो दिल्ली की है, यहाँ देहरादून के ड्राइवर को पार्किंग से हरियाणा के लोगों ने धमकाकर भगा दिया। इसके अलावा दो हरियाणा के युवक हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर आपत्तिजनक हरकत करते दिखे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया। उत्तराखंड के इन्फ्लुएंसर्स सोशल मीडिया पर दिल्ली और हरियाणा के लोगों को टारगेट करने की बातें लिख रहे हैं। मामले में दोनों राज्यों की पुलिस ना तो कोई कार्रवाई कर रही है और ना ही किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर रही है, जिससे हेट स्पीच बढ़ती जा रही है। दिल्ली के लोगों को बताया हरियाणा का मसूरी वाली घटना 21 मई की है, जिसे अब हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स हरियाणा के लोगों से मारपीट बताकर सोशिल मीडिया पर वायरल करा रहे हैं। मसूरी पुलिस ने बताया कि पार्किंग को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जिसमें दिल्ली के पर्यटकों से पार्किंग का किराया मांगने पर वो भड़क गए और स्थानीय लोगों से मारपीट करने लगे। इसके बाद पुलिस ने दोनों का बीच-बचाव किया। स्थानीय युवक अखिलेश रावत ने बताया कि बाद में सबमें सुलह हो गई थी और वे लोग यहां से चले गए थे। केम्प्टी कोतवाली के कोतवाल योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि यह घटना 6 दिन पुरानी है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था लेकिन कोई शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंचा। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए पर्यटक अपनी गाड़ी पार्किंग से निकाल रहे थे, तभी उनकी पार्किंग में मौजूद एक महिला से बहस हो गई। बहस बढ़ने पर एक महिला पर्यटक गाड़ी से उतरकर स्थानीय महिला से उलझ गई और हाथापाई करने लगी। इस घटना के तीन दिन बाद चंडीगढ़ से ‘ताई रामकली’ अकाउंट से इस घटना को हरियाणा के लोगों से मारपीट से जोड़कर वायरल किया जा रहा है। पोस्ट में लिखा- मसूरी में हरियाणा के बच्चों और गर्भवती महिला को पार्किंग वालों ने बुरी तरह पीटा। हरियाणा वालों को टारगेट क्यों किया जा रहा है? तस्वीरें देखिए… दूसरा वीडियो दिल्ली से सामने आया, जिसकी पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। उत्तराखंड के इन्फ्लुएंसर्स भूपी पंवार ने इसे शेयर करते हुए लिखा है- अब हरियाणा वालों ने उत्तराखंड के कार चालक को दिल्ली में सवारी लेने से रोक दिया। साथ ही हिदायत दी कि भविष्य में चालक एयरपोर्ट पर नजर न आए। क्या है वीडियो में… वीडियो में 7 लोग दिल्ली में देहरादून के ड्राइवर को बिल्डिंग पार्किंग में रोक लेते हैं और सवारियां नहीं ले जाने की बात करते हैं। वीडियो में लोग कहते हैं- “जब हम उत्तराखंड जाते हैं, देहरादून या हरिद्वार कहीं भी… तो वहां के लोग सारे नियम भूल जाते हैं। हमें वहां नियम सिखाए जाते हैं। वहां ये लोग हमारी गाड़ियों के शीशे तक तोड़ देते हैं। अब गाड़ी बाहर ले लो भाई, यहां से सवारी मत लेना। अब एयरपोर्ट पर मत आना, न ही यहां से उबर की सवारी उठाना। भाई, उत्तराखंड की गाड़ियों के ये लोग शीशे तोड़ देते हैं। हम तो फिर भी यहां हाथ नहीं उठा रहे, हम तो फिर भी तमीज से बात कर रहे हैं। हम तो किसी को गाली-गलौज भी नहीं कर रहे। वीडियो में (जब वह अपनी गाड़ी का टूटा हुआ शीशा दिखाता है) “ये देख लो भाई, उत्तराखंड का हमारा एक भाई ड्राइवर है, उसकी गाड़ी का बैक शीशा (पिछला कांच) तोड़ दिया गया है क्योंकि उसने यहाँ से सवारी ली थी। हम तो फिर भी यहां किसी पर हाथ नहीं उठा रहे, बस उसे यहां से जाने के लिए कह रहे हैं।” तस्वीरें देखिए… हरिद्वार में शराब पीकर पहुंचे हरिद्वार से भी एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के दो युवक शराब पीकर पहुंचे और हरकी पैड़ी पर आपत्तिजनक हरकतें करते दिखे। इसके बाद लोगों ने मौके पर पुलिस को बुलाया और दोनों को हिरासत में लिया गया। लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। पढ़िए हरियाणा के इन्फ्लुएंसर हर्ष छिकारा ने क्या कहा… हरियाणा के इन्फ्लुएंसर हर्ष छिकारा ने कहा- “हरिद्वार और ऋषिकेश को हरियाणा का आदमी चलाता है। इनके चूल्हे हम चलाते हैं। एक साल तक हरियाणा के लोगों पर हरिद्वार और ऋषिकेश जाने से बैन लगना चाहिए। भूखे मर जाएंगे ये लोग एक साल में, गारंटी है इस बात की। मैं कहता हूं कि इन लोगों की अकल ठिकाने आ जाएगी। वहां के लोगों को HR नंबर से दिक्कत है। HR नंबर देखते ही उन्हें मारने का बहाना मिल जाता है।” अब 3 पॉइंट में पूरा बयान… जांच से पहले हिंसा और बदनामी गलत- किसी भी आरोप पर बिना जांच के भीड़ द्वारा सड़क पर पीटना और सोशल मीडिया पर किसी का जुलूस निकालना गलत है। अगर आरोपी निर्दोष निकला, तो उसकी बदनामी की भरपाई कोई नहीं कर पाएगा। क्षेत्रीय आधार पर टारगेट न करें- केवल HR (हरियाणा) नंबर देखकर पूरे राज्य को बदनाम करना या पर्यटकों को निशाना बनाना ठीक नहीं है। कानून को अपना काम करने देना चाहिए, न कि ‘भीड़तंत्र’ को न्याय का फैसला करना चाहिए। युवाओं की जिम्मेदारी और कानून का सम्मान- हरियाणा के युवाओं को भी अपनी छवि सुधारने के लिए हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर ड्रामेबाजी से बचना चाहिए। दोषी को कानून के जरिए कड़ी सजा मिले, लेकिन निर्दोष को भीड़ की हिंसा का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए। इसके बाद मेटा ने उनका वीडियो हटा दिया था, जिसकी जानकारी खुद हर्ष छिकारा ने दी। उन्होंने फिर हरियाणा के लोगों से हरिद्वार और ऋषिकेश नहीं जाने की बात कही। हरियाणा में चुनाव भी लड़ चुके हैं हर्ष छिकारा हर्ष छिकारा हरियाणा के फेमस सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। उनके कई मिलियन फॉलोअर्स हैं। 2024 में वह हरियाणा के गोहाना से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हर्ष छिकारा को 14 हजार से अधिक वोट मिले, पर वह हार गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 1.3 करोड़ रुपए है। अब जानिए क्या था पूरा मामला… गलत इशारे करने पर भड़की भीड़ : कैथल के सतीश कुमार के मुताबिक, 20 मई को वह अपने दोस्त सतबीर के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे। बुधवार शाम वेन्यू गाड़ी (HR08AL9398) में सवार काली के ढाल के पास पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने अपनी मां के साथ आई एक 8 वर्षीय लड़की की तरफ कुछ इशारे किए। इसी दौरान भीड़ ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया। वेन्यू कार पर पथराव किया। पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। फिर दोनों को गाड़ी से बाहर घसीट लिया। उसके बाद शर्ट उतारकर पीटने लगे। कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा घुमाया : सतीश कुमार के मुताबिक, भीड़ ने दोनों युवकों के कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा कर घुमाया। भीड़ को बढ़ता देख महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। आईडीपीएल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पर्यटकों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। HR नंबर गाड़ी देख किया टारगेट : सतीश कुमार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में आरोप लगाया कि HR नंबर की गाड़ी देखकर हमें टारगेट किया गया था। हमने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे किसी नाबालिग को परेशानी हो। हमने ऋषिकेश पुलिस को शिकायत दी है। अब उत्तराखंड में हरियाणा के टूरिस्टों को जान बूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। मां बोलीं- बेटी को इशारा किया था वहीं लड़की की मां ने बताया था कि गाड़ी में सवार युवकों ने उसकी बेटी को कुछ इशारा किया था। इस पर महिला ने गाड़ी रुकवाई। उनकी बातचीत के दौरान ही लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। एसपी ने कहा कि मामले में मुख्य बात यह है कि जिस प्रकार भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों से मारपीट की, वह उचित नहीं है। अगर कोई छेड़खानी जैसी घटना थी, तो पहले पुलिस को बताना चाहिए था। कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। मामले में एसपी के मुताबिक, कैथल के सतबीर सिंह की ओर से इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी, सोशल मीडियो से मिले वीडियो के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों ऋषिकेश निवासी अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था।
Source link
उत्तराखंड-हरियाणा के इन्फ्लुएंसर्स फैला रहे हेट स्पीच:दिल्ली में देहरादून के ड्राइवर को पीटा, मारपीट के पुराने VIDEO वायरल कर रहे