इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रों ने किया VC कार्यालय का घेराव:जमकर विरोध प्रदर्शन, छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की,


इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और सीटों में कटौती के विरोध में गुरुवार को छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। एनएसयूआई की विश्वविद्यालय इकाई के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने लाइब्रेरी गेट से कुलपति कार्यालय की ओर मार्च किया और वीसी कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्कामुक्की हुई, जिसमें एक छात्र जमीन पर गिरकर चोटिल हो गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी और आक्रोशित हो गए और नारेबाजी करते हुए कुलपति कार्यालय पहुंच गए। दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में छात्र लाइब्रेरी गेट पर जुटे। छात्रों ने फीस बढ़ोतरी वापस लेने और सीटों में की गई कटौती का फैसला रद्द करने की मांग उठाई। एनएसयूआई नेता सौरभ सिंह गहरवार ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि परिसर में लोकतांत्रिक माहौल कमजोर किया जा रहा है और आंदोलन करने वाले छात्रों पर निलंबन व एफआईआर जैसी कार्रवाई की जा रही है। छात्रावासों की सुविधाओं पर भी उठाए सवाल प्रदर्शनकारियों ने महिला छात्रावासों में पेयजल, शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। छात्रों का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। छात्रों ने प्रदर्शन के दौरान चोटिल हुए विद्यार्थी के मामले में सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही फीस वृद्धि वापस लेने, सीट कटौती का फैसला रद्द करने और छात्रावासों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। छात्रों ने चेतावनी दी कि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कही अलग बात विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बताया गया कि एनएसयूआई की ओर से वीसी कार्यालय के घेराव का कार्यक्रम था। प्रशासन का आरोप है कि कुछ ऐसे लोग भी प्रदर्शन में शामिल थे, जो विश्वविद्यालय के छात्र नहीं थे और गार्ड व पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद जबरन परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। प्रशासन के अनुसार इस दौरान प्रदर्शनकारियों के दो गुटों के बीच भी टकराव और धक्कामुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों की ओर से अधिष्ठाता छात्र कल्याण और प्रॉक्टर को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखी गईं। प्रदर्शन में सत्यम कुशवाहा, आदर्श भदौरिया, सौरभ सिंह गहरवार, हरिकेश हैरी, अमित द्विवेदी, अजय बागी, अनुराग, अनामिका, कुणाल, पुष्पेंद्र, सुनील, रौशन, राज और आनंद समेत कई छात्र शामिल रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *