![]()
मुजफ्फरनगर। खेल प्रतिभाओं के लिए पहचान रखने वाले मुजफ्फरनगर के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र शिव चौधरी ने बरेली में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शिव ने प्रतियोगिता में सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व किया और अपने प्रदर्शन के दम पर मंडल चैंपियन बनने का गौरव भी हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान शिव ने शानदार खेल कौशल, तेज रिफ्लेक्स और बेहतर रणनीति का प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। जड़ौदा निवासी अनुज चौधरी के पुत्र शिव चौधरी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि खेल में सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण जरूरी है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के योगाचार्य सतकुमार भी बरेली में मौजूद रहे। उन्होंने शिव का मैच के दौरान मार्गदर्शन किया और उनका उत्साह बढ़ाया। उनके मार्गदर्शन से शिव को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली। शिव की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने खुशी जताते हुए छात्र और उसके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने शिव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिव के स्वर्ण पदक जीतने की जानकारी मिलते ही विद्यालय में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षकों और स्टाफ ने छात्र एवं उसके परिवार को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
Source link
बैडमिंटन चैंपियनशिप में शिव चौधरी ने जीता गोल्ड:अंडर-14 वर्ग में लहराया परचम, शिक्षकों ने दी बधाई