इटोरा के कैला देवी मंदिर में मंगल बाजार शुरू:दुकानदारों को रोजगार, ग्रामीणों को एक ही जगह मिलेगा सामान


आगरा-ग्वालियर रोड स्थित श्री कैला देवी मंदिर ब्रज धाम इटोरा के प्रांगण में मंगलवार से मंगल बाजार का शुभारंभ हो गया। इस बाजार के शुरू होने से दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। दुकानदारों ने बताया कि आगरा के मधुनगर क्षेत्र में लगने वाला मंगल बाजार बंद होने के बाद उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया था। लंबे समय से दुकानें नहीं लगने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। श्री कैला देवी मंदिर ब्रज धाम इटोरा मैया परिसर में मंगल बाजार शुरू होने से उन्हें दोबारा रोजगार का अवसर मिला है। दुकानदारों ने मंदिर के अध्यक्ष और समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। मंगल बाजार की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे चौधरी सुरेश ने बताया कि मंदिर कमेटी से चर्चा के बाद दुकानदारों की समस्या को देखते हुए इस बाजार का आयोजन किया गया है। अब प्रत्येक मंगलवार को सुबह से शाम तक यह बाजार नियमित रूप से लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि देहात क्षेत्र के लोगों को अब खरीदारी के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें उचित दामों पर दैनिक उपयोग का सामान एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगा। विशेष बात यह है कि यहां दुकानदारों से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। बाजार परिसर में हरियाली और छाया की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर सतीश बघेल, शैलेंद्र शर्मा, विजय पंडित, भोला भगत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और दुकानदार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर फीता काटकर बाजार का उद्घाटन किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *