![]()
इटावा। गौरैया भूषण सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि लायन सफारी के निदेशक डॉ अनिल कुमार पटेल ने कहा कि “यदि हम प्रकृति की रक्षा करेंगे तो प्रकृति हमारी रक्षा करेगी, लेकिन प्रकृति के नष्ट होने पर हमें कोई बचा नहीं पाएगा।”उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए गौरैया जैसे पक्षियों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। लोगों को अपने घरों की छतों, पेड़ों तथा आंगन में पक्षियों के लिए घोंसले एवं दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। नगर स्थित डी.आर. कृष्णा पैलेस में स्वर्गीय राम नारायण यादव की स्मृति में “ईको विंग्स फाउंडेशन” के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि लाइन सफारी पार्क में पक्षियों के संरक्षण हेतु विशेष “घोंसला स्थल” बनाए गए हैं, जहां गौरैया सुरक्षित वातावरण में रह सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सफारी पार्क में प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों से प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाता, जिससे विभिन्न जनपदों के छात्र प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूक हो सकें। समारोह की संयोजक डॉ. सुनीता यादव एवं डॉ. नरेश कुमार यादव ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं हस्तनिर्मित घोंसले के साथ प्रशस्ति पत्र भी भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर गौरैया संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को “गौरैया भूषण सम्मान” से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग डेढ़ दर्जन जनपदों से आए प्रकृति प्रेमियों एवं शिक्षकों ने सहभागिता की। इनमें डॉ. पुष्पेंद्र सिंह यादव, श्रीकांत (आगरा), डॉ. राजेश्वरी (गोरखपुर), डॉ. सतनाम सिंह (हाथरस), धर्मेंद्र कुमार (आजमगढ़), सुनील कुमार वर्मा (गोंडा), अरुणा कुमारी राजपूत (हापुड़) सहित अलीगढ़, एटा, हमीरपुर, कानपुर एवं बरेली आदि जनपदों के प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। भरथना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. प्रतिभा सिंह यादव ने अतिथियों को तुलसी के पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह को प्रोफेसर उदयवीर सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य ओमकार यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, पेंशनर संघ अध्यक्ष बृजेश चंद्र यादव, डॉ. शैलेंद्र यादव, कामना सिंह, डॉ. नरेश यादव, उत्कर्ष प्रताप सिंह, राजमणि सिंह, विमल यादव एवं अन्य वक्ताओं ने संबोधित करते हुए गौरैया संरक्षण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Source link
इटावा में गौरैया भूषण सम्मान समारोह आयोजित:लायन सफारी निदेशक ने प्रकृति संरक्षण पर जोर दिया