![]()
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के दौलतपुर छन्नों गांव के रहने वाले इमरान की जिंदगी एक महीने के भीतर पूरी तरह बदल गई। पत्नी शबाना इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी के साथ चली गई और छह माह का मासूम बेटा समीर हमेशा के लिए उससे बिछड़ गया। इमरान का आरोप है कि पत्नी के प्रेमी विशाल ने बेटे की हत्या कर उसका शव मेरठ के नौचंदी क्षेत्र के खुले नाले में फेंक दिया। अब इस पूरे मामले में गंगोह पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए मेरठ के नौचंदी थाने भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार, इमरान ने अपनी तहरीर में बताया कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी शबाना छह माह के बेटे समीर को लेकर दवाई लेने के बहाने गंगोह गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 22 जुलाई को गंगोह थाने में पत्नी और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इस बीच वह लगातार दोनों की तलाश करता रहा। जांच और तलाश के दौरान 26 जुलाई को शबाना हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में विशाल के घर से मिली। हालांकि उसके साथ मासूम समीर नहीं था। घर लौटने के बाद इमरान ने पत्नी से बच्चे के बारे में पूछा तो जो कहानी सामने आई, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर प्रेम संबंध शबाना ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर हापुड़ निवासी विशाल से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। 12 जुलाई की रात विशाल ने उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर बुलाया। वह बेटे समीर को साथ लेकर वहां पहुंची। महिला के मुताबिक, विशाल ने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। उसने भरोसा दिलाया कि वह समीर को पास ही रहने वाले अपने एक दोस्त के पास छोड़कर आता है। वह बच्चे को लेकर चला गया और करीब पांच मिनट बाद वापस लौटा। उसने बताया कि बच्चा दोस्त के पास सुरक्षित है। इसके बाद वह शबाना को अपने साथ हापुड़ ले गया। नाले में मिला मासूम का शव, पिता ने फोटो देखकर की पहचान उधर, 13 जुलाई को मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में पंचशील कॉलोनी के खुले नाले से छह माह के बच्चे का शव मिला था। उस समय बच्चे की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शुरुआती जांच में आशंका जताई थी कि बच्चा खेलते समय नाले में गिर गया होगा, क्योंकि उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। करीब दो सप्ताह बाद 29 जुलाई को इमरान को जानकारी मिली कि मेरठ में एक बच्चे का शव मिला था। वह नौचंदी थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे शव की तस्वीर दिखाई। फोटो देखते ही इमरान ने उसे अपने छह माह के बेटे समीर के रूप में पहचान लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। हत्या का आरोप, अब मेरठ पुलिस करेगी जांच बेटे की पहचान होने के बाद इमरान ने विशाल पर समीर की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया। इसी आधार पर गंगोह थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की है, इसलिए पूरी विवेचना वहीं की पुलिस करेगी। सीओ गंगोह शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर हत्या के आरोप में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की होने के कारण मुकदमे की आगे की जांच वहीं की पुलिस करेगी।
Source link
इंस्टाग्राम के प्रेमी ने 6 माह के मासूम की हत्या:सहारनपुर का इमरान बोला–पत्नी के प्रेमी ने मेरठ में बेटे को नाले में फेंककर मार डाला, पिता 17 दिन तक तलाशता रहा बेटा