आर्थिक तंगी से परेशान कारोबारी ने की आत्महत्या:लखनऊ में घर की सीढ़ियों पर फंदे से लटका मिला शव


लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान एक कारोबारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह घर में उनका शव सीढ़ियों की रेलिंग से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राकेश दुबे (52) के रूप में हुई है। वह कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के महादेव नगर, कनौसी में परिवार के साथ रहते थे। मूल रूप से सुल्तानपुर जिले के सिमरी गांव निवासी राकेश बिजनेस कंसल्टेंसी का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उनके कारोबार को बड़ा नुकसान हुआ था। कारोबार संभालने के लिए उन्होंने कर्ज लिया था, लेकिन आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती चली गई। बताया जा रहा है कि पिछले काफी समय से वह कर्ज और आर्थिक दबाव को लेकर मानसिक तनाव में थे। बुधवार सुबह उन्होंने घर की सीढ़ियों की रेलिंग पर रस्सी बांधकर फंदा लगा लिया। सुबह करीब 6:40 बजे उनकी पत्नी सुमन दुबे की नजर उन पर पड़ी तो चीख-पुकार मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों का कहना है कि आर्थिक संकट के साथ-साथ राकेश को चलने-फिरने में भी दिक्कत रहती थी, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई थी। परिवार के मुताबिक वह लंबे समय से तनाव में थे और अक्सर आर्थिक हालात को लेकर चिंतित रहते थे। राकेश अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी शिवानी दुबे एक निजी अस्पताल में केयर टेकर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि छोटी बेटी प्रिया दुबे नौवीं कक्षा की छात्रा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कृष्णा नगर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *