![]()
प्रदेश में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान आज यानी कि 1 जुलाई से शुरू हो गया है। 15 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान बिना फिटनेस, बिना परमिट और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। पहले सप्ताह में जागरूकता और निरीक्षण पर जोर अभियान के पहले चरण में 1 से 7 जुलाई तक परिवहन विभाग स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को नोटिस देकर सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस और वैध परमिट सुनिश्चित करने के लिए सचेत करेगा। अधिकारी स्कूलों का दौरा कर वाहनों का भौतिक निरीक्षण करेंगे और सुरक्षा मानकों की जांच करेंगे। साथ ही स्कूलों को 7 जुलाई तक सभी वाहनों की फिटनेस और परमिट पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर होगी सुरक्षा समिति की बैठक परिवहन आयुक्त ने सभी जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इन बैठकों में बच्चों के सुरक्षित परिवहन से जुड़े सभी मानकों की समीक्षा की जाएगी। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा और वैध दस्तावेजों की जानकारी रखें। 8 जुलाई से चलेगा सख्त प्रवर्तन अभियान 8 जुलाई से 15 जुलाई तक परिवहन विभाग पुलिस, यातायात पुलिस और शिक्षा विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाएगा। इस दौरान बिना परमिट, बिना फिटनेस और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के चालान किए जाएंगे, उन्हें जब्त भी किया जा सकता है। निजी वाहनों की भी जांच होगी, यदि वे नियमों का उल्लंघन करते हुए स्कूली बच्चों का परिवहन करते पाए गए तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी। लापरवाह स्कूलों की मान्यता रद्द करने की तैयारी परिवहन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि बार-बार चेतावनी के बावजूद यदि कोई स्कूल बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों का संचालन जारी रखता है तो उसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित स्कूल की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
Source link
आज से शुरू होगा परिवहन विभाग का 'मिशन सेफ फ्यूचर':स्कूल वाहनों की होगी सघन जांच, 15 जुलाई तक फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों पर चलेगा अभियान