आगरा में विदेशी पर्यटकों की गाड़ी से हादसा:चालक को आई झपकी, बाइक सवार होमगार्ड की मौत, दो घायल


आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में माल रोड पर मंगलवार रात को इनोवा कार से फ्रांस के पर्यटकों को लेकर जा रहे चालक को झपकी आने से हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक और स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर लिफ्ट लेकर शमसाबाद जा रहे होमगार्ड वीरेंद्र सिंह (48) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने दूसरी गाड़ी से पर्यटकों को भेजा। चालक को हिरासत में ले लिया। मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मूलरूप से शाहपुर टूला, शमसाबाद निवासी वीरेंद्र सिंह वर्तमान में छीतापुर, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर में रह रहे थे। उनकी डयूटी लोक निर्माण विभाग के संजय प्लेस स्थित कार्यालय में थी। बेटे विष्णु के मुताबिक, शाम तकरीबन चार बजे डयूटी खत्म करने के बाद घर के लिए निकले थे। उन्होंने रास्ते में ताजनगरी फेज 2 निवासी कामरान से बाइक पर लिफ्ट ली थी। वह माल रोड स्थित सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा चौराहे पर आए। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार इनोवा कार की बाइक में टक्कर लगी। इससे दोनों उछलकर दूर जा गिरे। वहीं कार की चपेट में एक स्कूटी सवार भी आ गया। वह भी गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद भीड़ जुट गई। हादसा करने वाली कार को रोक लिया गया। उसमें विदेशी पर्यटक सवार थे। सूचना पर थाना रकाबगंज की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। चालक को हिरासत में ले लिया। पर्यटकों को दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए भेज दिया। हादसे में घायल वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई। वहीं कामरान और स्कूटी सवार लोहागढ़, लकावली, तोरा चाकी निवासी कृष्णपाल का उपचार चल रहा है। मृतक के परिजन आ गए। उनमें कोहराम मच गया। बेटे विष्णु ने थाना रकाबगंज में चालक के खिलाफ तहरीर दी। इस पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि आरोपी चालक नई दिल्ली निवासी ओमप्रकाश है। वह फ्रांस के पर्यटकों को जयपुर से लेकर आया था। पूछताछ में बताया कि माल रोड पर अचानक नींद की झपकी लगी। जब तक वो कुछ कर पाता, तब तक हादसा हो गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *