आगरा में रंजिश में युवक को मारी गोली:प्रेम विवाह के बाद ससुराल वालों से चल रहा था विवाद; अस्पताल में भर्ती


आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ईधौन-हिमायूंपुर के बीच मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे गोली चलने से हड़कंप मच गया। बाइक से लौट रहे एक युवक पर घात लगाकर हमला किया गया। युवक के दाहिने पैर की पिंडली में गोली लगी है, जबकि एक गोली उसकी बाइक की पेट्रोल टंकी में लगी। पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया है। घायल की पहचान कृष्णा (पुत्र शंकरलाल), निवासी हरलाल का पुरा नदोता (थाना डौकी) के रूप में हुई है। कृष्णा का आरोप है कि रंजिश के चलते उसके ससुर, साले और एक अन्य व्यक्ति ने उस पर जानलेवा हमला किया है। मंदिर से लौटते समय सुनसान रास्ते पर घेरा पीड़ित कृष्णा के अनुसार, उसने करीब एक साल पहले नई बस्ती (थाना दक्षिण, फिरोजाबाद) निवासी माही से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से दोनों के परिवार खुश नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। कृष्णा का आरोप है कि उसका साला उसे लगातार फोन पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इस संबंध में उसने अदालत में मुकदमा दर्ज कराया था और सोमवार को थाना डौकी में तहरीर भी दी थी। मंगलवार को कृष्णा फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र स्थित पसीना वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर बाइक से घर लौट रहा था। ईधौन-हिमायूंपुर के बीच सुनसान रास्ते पर बाइक सवार साले, ससुर और उनके एक साथी ने उसे घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगते ही कृष्णा झाड़ियों में गिर गया और शोर मचाने लगा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस की जांच शुरू, तीन पर मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल के भाई देवेंद्र कुमार ने तीन लोगों के खिलाफ थाना फतेहाबाद में नामजद तहरीर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) फतेहाबाद इमरान अहमद और डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फतेहाबाद के एसीपी इमरान अहमद ने बताया- युवक का अपने ससुरालीजनों से विवाद चल रहा है। शुरुआत में लूट की सूचना मिली थी, जो जांच में गलत पाई गई। मौके से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। युवक को गोली लगी है, जिसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। गोली किसी अन्य ने मारी है या खुद लगी है, इसकी जांच परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। तीन लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है, मामले की जांच जारी है।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *