कानपुर देहात में सड़क हादसे में वायु सैनिक की मौत:गांव में सुपुर्द-ए-खाक; वायु सेना के जवानों ने दी अंतिम सलामी


कानपुर देहात के सिठमरा गांव में मंगलवार को वायु सैनिक साजिद उर्फ सोनू की मौत के बाद गमगीन माहौल रहा। करीब 15 दिन की छुट्टी पर घर आए साजिद को मंगलवार को ही ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन सोमवार को हुए सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार शाम 4 बजे उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। वायु सेना के जवान अंतिम सलामी देने गांव पहुंचे। स्थानीय नेता, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। स्कूटी से अकबरपुर गए थे साजिद करीब 35 वर्षीय साजिद उर्फ सोनू वायु सेना में तैनात थे। वह 15 दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। सोमवार को वह अपने पारिवारिक भाई समीर के साथ स्कूटी से अकबरपुर गए थे। काम निपटाने के बाद दोनों स्कूटी से गांव लौट रहे थे। बाइक से आमने-सामने हुई टक्कर बताया गया कि घनीरामपुर गांव के पास झींझक की तरफ से आ रही बाइक से उनकी स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार साजिद और समीर के अलावा बाइक सवार विवेक और विशाल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने साजिद उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया। पत्नी और भाई का रो-रोकर बुरा हाल साजिद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजूम, भाई बन्नो समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जिस घर में साजिद के छुट्टी पर आने से खुशियां थीं, वहीं मंगलवार को मातम छा गया। वायु सेना के जवानों ने दी अंतिम सलामी मंगलवार शाम 4 बजे साजिद को गांव में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान वायु सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। पुलिसकर्मियों, स्थानीय नेताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी अंतिम विदाई दी। हादसे की जांच कर रही पुलिस रूरा थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *