आगरा में नकली दवा नेटवर्क की लिए हुई छापेमारी:कई जिलों से पहुंची FSDA की टीम, वंश फार्मा, मोहन ट्रेडर्स समेत कई प्रतिष्ठानों पर खंगाले रिकॉर्ड


आगरा में संदिग्ध और कथित नकली दवाओं के नेटवर्क की जांच के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शुक्रवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में कई जिलों की टीमों ने दवा प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच शुरू की। फिलहाल कार्रवाई जारी है और किसी भी मामले में अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। एफएसडीए की टीम ने कम्मू टोला स्थित वंश फार्मा और मोहन ट्रेडर्स में जांच की। इसके अलावा एएस कॉम्प्लेक्स, मुबारक महल स्थित दवा कारोबारियों के यहां भी रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान किया गया। अधिकारियों ने खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। जांच के दौरान Chemoral Fort, Oxalgin DP और Telma-40 समेत कुछ दवा ब्रांडों की सप्लाई चेन की पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही राजस्थान में प्रतिबंधित i-Pill और Unwanted-72 जैसी दवाओं के संभावित नेटवर्क को भी जांच के दायरे में रखा गया है। एफएसडीए की जांच में श्री जी फार्मा से Oxalgin DP की सप्लाई के संबंध में कुछ तथ्य सामने आने के बाद उसकी भी जांच की जा रही है। इसी क्रम में मोहन ट्रेडर्स द्वारा श्री जी फार्मा से दवाओं की खरीद से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों ने अभी तक किसी भी प्रतिष्ठान या व्यक्ति के खिलाफ नकली दवा की पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि Gelvas Met के 40 कार्टन, जिन्हें पहले की कार्रवाई में जब्त किया गया था, पुदुचेरी से खरीदे गए थे। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार इनकी सप्लाई अर्जुन फार्मास्यूटिकल्स के अनूप गुप्ता द्वारा मोहन ट्रेडर्स को की गई थी। इस सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है। एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य दवाओं की पूरी सप्लाई चेन का सत्यापन करना है। स्टॉक, बिल और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसी प्रकार की अनियमितता या नकली दवा का मामला बनता है या नहीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *