![]()
सहारनपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दाबकी जुनारदार में आगजनी मामले की चश्मदीद महिला ने आरोपियों पर गवाही बदलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता राशदा पत्नी शमशाद के अनुसार, वह गांव में मोहतसीम पुत्र अल्ताफ के छप्पर में आग लगाने की घटना की चश्मदीद गवाह हैं। इस मामले में कोतवाली देहात थाने में मुकदमा अपराध संख्या 192/26 पहले से दर्ज है। राशदा का आरोप है कि मुकदमे में नामजद आरोपी कई दिनों से लगातार उन्हें धमका रहे हैं। आरोपियों ने कहा कि यदि उन्होंने अदालत में उनके खिलाफ गवाही दी तो उनके घर में भी आग लगा दी जाएगी और उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
महिला ने बताया कि 29 जुलाई की दोपहर आरोपी पक्ष के लोग एक राय होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पहले कुछ महिलाओं को घर के अंदर भेजा गया, जबकि अन्य आरोपी पास के खेत में खड़े रहे। घर में पहुंचीं महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए खींचतान की और मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान घर में रखा सामान तोड़ दिया गया और शौचालय की दीवार भी गिरा दी गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। महिला का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने फिर धमकी दी कि यदि उन्होंने अदालत में उनके खिलाफ गवाही दी तो वह जिंदा वापस नहीं लौटेंगी। घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। पीड़िता ने कोतवाली देहात पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
आगजनी मामले की चश्मदीद पर गवाही बदलने का दबाव:सहारनपुर में घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप; पुलिस जांच में जुटी