![]()
बलिया के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था और विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों में अनावश्यक रेफर और बाहर की दवाएं लिखने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने शासन द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं। मंत्री ने जर्जर तारों को बदलने, नए ट्रांसफार्मर लगाने और उनकी क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव तत्काल भेजने को कहा, ताकि जनपदवासियों को बिजली की समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में एनएच-31 गाजीपुर-बलिया-उत्तर प्रदेश-बिहार राज्य सीमा (ग्रीनफील्ड) सेक्शन के फोरलेन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, एनएच-727बी नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग का निर्माण वर्ष 2027 तक पूरा करने को कहा गया।
बक्सर-भरौली के बीच निर्माणाधीन पुल की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बलिया-गाजीपुर तुर्तीपार मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य में तेजी लाने और लगातार निगरानी करने को कहा। बरसात को देखते हुए सड़कों पर गड्ढों को तत्काल भरने और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर जलभराव व पानी के कटाव से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने एनएच-31 बलिया (वैना) से बांसडीह मार्ग एनएच-107 तक प्रस्तावित बलिया बाईपास के निर्माण को जनपद के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इसे निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। बाढ़ सुरक्षा की समीक्षा में बलिया विधानसभा क्षेत्र में 150 व्यक्तियों की क्षमता वाले बाढ़ शरणालय के निर्माण में तेजी लाने और बैरिया में भी बाढ़ शरणालय बनाने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों में बाहर की दवाएं लिखे जाने पर रोक लगाने के निर्देश दोहराते हुए मंत्री ने लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में मंत्री दानिश आजाद अंसारी, रविशंकर उर्फ पप्पू, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, सीआरओ गुलशन जी, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Source link